बदायूं
नाबालिग के हाथों शराब बिक्री! नियमों की उड़ रही धज्जियां, प्रशासन मौन
बदायूं जनपद के थाना उसहैत क्षेत्र के ग्राम टिकरा तिराहा चौकी नौली से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर एक नाबालिग बच्चा खुलेआम शराब बेचता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो के ऑडियो और दृश्य के अनुसार यह बिक्री न सिर्फ निर्धारित समय के बाहर हो रही है, बल्कि शराब को ओवर रेट पर भी बेचा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह खेल लंबे समय से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बच्चा ग्राहकों को शराब दे रहा है, जिससे यह सवाल उठता है कि आखिर किसकी शह पर नाबालिग को इस अवैध धंधे में झोंका जा रहा है।
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि जहां एक ओर सरकार नाबालिगों को शिक्षा और सुरक्षा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं सिस्टम की पोल खोल रही हैं। ओवर रेट और तय समय के उल्लंघन से यह भी स्पष्ट होता है कि नियमों को ताक पर रखकर मुनाफाखोरी की जा रही है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग क्या कार्रवाई करता है, या फिर मामला यूं ही ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
