48 घंटे में खुलासा – बदायूं में व्यापारी से बैग लूटने वाले आरोपी गिरफ्तार, ₹1.60 लाख नगद बरामद
बदायूं | 02 मई 2026
जनपद बदायूं की थाना कोतवाली पुलिस ने व्यापारी से बैग छीनने की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,60,880 नगद, घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UP24AB4293 – जुपिटर) तथा दो मोबाइल फोन (Vivo व Realme) बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है।
दरअसल, 28 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:15 बजे अंशुमन वैश्य, निवासी पटियाली सराय (थाना कोतवाली, बदायूं), अपनी दुकान “अंशू इंटर प्राइजेज” (मढ़ई चौक) बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हुसैनी गली स्थित भारद्वाज टेंट हाउस के पास पहुंचे, पीछे से आए स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में लगभग ₹2 लाख नगद, दो मोबाइल फोन और दुकान की चाबी रखी थी। इस घटना के संबंध में थाना कोतवाली पर मु.अ.सं. 95/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। कोतवाली पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार काम करते हुए 01 मई 2026 की रात करीब 10:45 बजे गांधी ग्राउंड क्षेत्र से आरोपी भरत पुत्र बन्टी कश्यप, निवासी कल्याण नगर, थाना कोतवाली बदायूं तथा उसके एक बाल अपचारी साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,60,880 नगद, घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UP24AB4293 – जुपिटर) और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूछताछ में आरोपी भरत कश्यप ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह पीड़ित अंशुमन की दुकान पर करीब 3 वर्षों तक काम कर चुका था और दो महीने पहले ही नौकरी छोड़ी थी। पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। उसे पीड़ित की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपी ने मोबाइल फोन और दुकान की चाबी को रोजा (मकबरा) के पास फेंक दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
