4:41 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

कादर चौक- सीएचसी प्रभारी का निकला राधिका नर्सिंग होम, पांच पर रिपोर्ट दर्ज

सीएचसी प्रभारी का निकला राधिका नर्सिंग होम, पांच पर रिपोर्ट दर्ज।

कादरचौक के निजी अस्पताल में बच्चे की मौत का मामला।

बदांयू 27 अप्रैल।

कादर चौक के राधिका नर्सिंग होम में गर्भवती महिला के पेट पर दबाव से बच्चे के पैदा करने,व नवजात की मौत का मामला सामने आने के बाद हुई जांच में सामने आया कि अवैध नर्सिंग होम चिकित्सा अधीक्षक का ही है बस संचालन उनकी बहन अनट्रेंड मोनिका राठौर करती है। पुलिस ने आज अधीक्षक अवधेश राठौर सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। वही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रश्न चिन्ह लगना लाजिमी है।

ज्ञात रहे कल कादरचौक थाने के गांव ललसी नगला के छोटे लाल की पत्नी कृष्णावती को प्रसवपीडा होने पर सीएचसी कादर चौक लाया गया। वहां तैनात स्टाफ नर्स ने हालत गंभीर बताते हुए राधिका नर्सिंग होम ले जाने को कहा।

छोटे लाल का आरोप है कि वहां कृष्णावती के पेट पर एक महिला नर्स ने दबाव बनाकर प्रसव कराया जिसमें नवजात की मौत हो गई।

शिकायत पर प्रभारी सीएमओ श्री मोहन झां ने चिकित्सा अधीक्षक अवधेश राठौर का ट्रांसफर कर जांच बिठा कर इतिश्री कर ली।

छोटे लाल ने लापरवाही पर आज कादर चौक थाने में अवधेश राठौर, उनकी बहन मोनिका राठौर,शशिलता,बबीता व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। अब अवधेश राठौर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। क्योंकि अवैध नर्सिंग होम उन्ही का निकला है।

इस घटना से यह ज्ञात होता है कि जिले में स्वास्थ्य सेवाएं वेंटीलेटर पर अंतिम सांसें ले रही है। ज्ञात रहे प्रभारी सीएमओ मोहन झा पर पहले सीएमओ डॉ रामेश्वर मिश्रा के कार्यकाल में चिकित्सकों ने विधायक महेशचंद्र गुप्ता के समक्ष अवैध वसूली की शिकायत की थी तब उन्हें अवैध अस्पतालों व झोलाछाप छापामार अभियान के प्रभारी पद से हटा दिया गया था। अब उनसे जिले को क्या उम्मीद होंगी यह आप सभी समझ सकते हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस