11:50 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

42 डिग्री के पार तापमान, लू और धूप से जनजीवन अस्त व्यस्त

42 डिग्री के पार तापमान, लू और धूप से जनजीवन अस्त व्यस्त।

उझानी-बदांयू 27 अप्रैल।

जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। कल अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 27.4 डिग्री के आसपास पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिनभर लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया।

आज सुबह से ही तेज धूप, उमस और लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। सुबह 9 बजे के बाद से ही धूप तेज हो जाती है और दोपहर में सड़कें सूनी हो जाती हैं। बाजारों में भी भीड़ कम दिखाई देने लगी है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की संख्या में पिछले सप्ताह की तुलना में काफी कमी आई है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। कई लोग दिन में जरूरी काम भी शाम होने तक टाल रहे हैं।

अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में गर्मी से संबंधित परेशानियों जैसे चक्कर आना, डिहाइड्रेशन, सिरदर्द आदि के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। तेज गर्मी और लू के कारण स्कूलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। दोपहर में बच्चों की छुट्टी होते ही अभिभावक छतरी, गमछा और पानी की बोतल लेकर स्कूल गेट के बाहर पहुंच जाते हैं। कई अभिभावक अपने बच्चों को वाहन से लेकर घर पहुंचा रहे हैं जिससे उन्हें तेज धूप से बचाया जा सके।

जहां एक ओर भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है वहीं दूसरी ओर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अनियमित आपूर्ति ने रातों की नींद हराम कर दी है। कई दिनों से शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोड बढ़ने के कारण हो रही कटौती के चलते,रात को गर्मी के कारण लोगों को या तो छतों पर सोना पड़ा या फिर उमस भरी रात जागकर गुजारनी पड़ी।

जिला प्रशासन ने लू से बचाव के लिए एडवाइजरी की जारी-
दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
पानी, छाछ, नींबू पानी, ओआरएस का सेवन करें।
बुजुर्गों और बच्चों को धूप में बाहर न भेजें।
बाहर निकलते समय सिर, चेहरा और गर्दन को ढककर रखें।
खाली पेट बाहर न निकलें।
बिजली कटौती के दौरान शरीर को ठंडा रखने के उपाय अपनाएं।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस