उझानी-बदांयू 26 अप्रेल।
अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आने वाले दिनों में भी लू के थपेड़े झेलने को तैयार हो जाइए। शनिवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ, जब अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं बिजली कटौती ने परेशानी बढ़ाई।
आज सुबह से ही तेज धूप रही और दोपहर में हालात और कठिन हो गए। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे रात में भी राहत नहीं मिली। दोपहर में बाजार और चौराहे सूने नजर आए। बाजार क्षेत्र, स्टेशन रोड पर आवाजाही कम रही।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच सकता है। लू का प्रकोप बढ़ेगा और शाम को उमस भी बढ़ेगी।
बिजली संकट ने स्थिति और खराब कर दी है।
उझानी में अघोषित कटौती, ट्रिपिंग और ओवरलोडिंग के कारण बार-बार बिजली जा रही है। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही हाल है। देहात में 5 से 10 घंटे तक बिजली गायब रहने की शिकायतें हैं, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसान भी प्रभावित हैं।
लाइन फाल्ट, ट्रांसफार्मर मरम्मत के नाम पर कटौती जारी है। करोड़ों रुपये खर्च के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा, जिससे लोगों में नाराजगी है। आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने की आशंका है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
