बदायूँ नगर पालिका बोर्ड बैठक में विकास प्रस्तावों पर मुहर,महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
शकील बदायूंनी पार्क के जीर्णोद्धार, घण्टाघर पार्किंग/बैडमिंटन कोर्ट सहित कई विकास कार्यों को स्वीकृति
— नेकपुर में डॉ. आंबेडकर पार्क के फर्श निर्माण को मिली हरी झंडी
— पालिका दुकानों के वारिसों के नाम नामांतरण प्रस्ताव पास
— अग्निकांड में क्षतिग्रस्त दुकानों के पुनर्निर्माण को बोर्ड की अनुमति
बदायूँ। सदर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक आज पालिका सभागार में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने की। बैठक विधिवत प्रारंभ हुई और एजेंडे में शामिल विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और पालिका संपत्तियों से जुड़े कई अहम प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन पर विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में शासन द्वारा नामित पांच सभासदों सहित कुल 28 सदस्यों की उपस्थिति रही, जिससे निर्णय प्रक्रिया में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित हुई।
सबसे प्रमुख प्रस्तावों में शहर के सौंदर्यीकरण और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने से जुड़े कार्य शामिल रहे। बोर्ड ने प्रसिद्ध गीतकार शकील बदायूंनी पार्क के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित किया। इसके साथ ही घण्टाघर क्षेत्र में पार्किंग में बैडमिंटन कोर्ट बनाने की योजना को भी मंजूरी दी गई, जिससे शहर के युवाओं को खेल के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं नेकपुर स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क में फर्श निर्माण कार्य कराने का प्रस्ताव भी पास किया गया, जिससे पार्क की स्थिति में सुधार होगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।



बैठक के दौरान साधारण प्रस्ताव संख्या-01 पर विस्तार से चर्चा की गई। इस प्रस्ताव के अंतर्गत तजबीज मेम्बरान अनवर खाँ, मोहित सक्सेना, जीनत बी, लियाकत अली, जया साहू, भाग देवी व मनोज कश्यप सहित कुल 28 सदस्यों द्वारा संस्तुति के साथ प्रस्तुत प्रार्थना-पत्र 06 अप्रैल 2026 पर विचार किया गया। ज्योति वैश्य द्वारा नगर पालिका की दुकान संख्या-56, स्थित बाजार कारमेंकलगंज, बदायूँ की किरायेदारी अपने नाम किए जाने का अनुरोध किया गया था।
प्रार्थना-पत्र में उल्लेख किया गया कि उक्त दुकान पालिका अभिलेखों के अनुसार उनके पिता प्रेम प्रकाश के नाम दर्ज थी। पिता के निधन के बाद प्रार्थी द्वारा वारिसान प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र तथा अन्य वारिसों की सहमति व शपथ-पत्र प्रस्तुत किए गए। पालिका अभिलेखों के अनुसार उक्त दुकान का वार्षिक किराया 2520 रुपये दर्ज है और इसका किराया मार्च 2025 तक जमा है। चूंकि ऐसे मामलों में अंतिम निर्णय लेने का अधिकार बोर्ड में निहित है, इसलिए इस प्रस्ताव को बोर्ड के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
इसी प्रकार साधारण प्रस्ताव संख्या-02 भी बैठक में प्रमुख रूप से शामिल रहा। इस प्रस्ताव के अंतर्गत जहीर अहमद एवं फहीम अहमद,निवासी मौहल्ला कबूलपुरा, बदायूँ द्वारा नगर पालिका की दुकान संख्या-19, स्थित उझानी रोड, बदायूँ की किरायेदारी अपने नाम किए जाने हेतु आवेदन किया गया था। अभिलेखों के अनुसार यह दुकान उनके पिता अब्दुल जलील के नाम दर्ज थी।
पिता के निधन के उपरांत प्रार्थियों द्वारा आवश्यक दस्तावेज जैसे वारिसान प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र एवं अन्य वारिसों की सहमति प्रस्तुत की गई। पालिका रिकॉर्ड के अनुसार उक्त दुकान का वार्षिक किराया 480 रुपये है और इसका किराया मार्च 2026 तक जमा है। इस प्रस्ताव पर भी चर्चा के बाद बोर्ड ने वारिस पुत्रों के पक्ष में नामांतरण की अनुमति प्रदान कर दी।
बैठक में साधारण प्रस्ताव संख्या-03 भी काफी महत्वपूर्ण रहा, जो हाल ही में हुए अग्निकांड से संबंधित था। तजबीज मेम्बरान मोहित सक्सेना, अनवर खाँ, जीनत बी, गुलशन बी, किशोर, भू देवी व मनोज कश्यप सहित 28 सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना-पत्र 06 अप्रैल 2026 पर विचार किया गया। इसमें ज्योति वैश्य द्वारा बाजार कारमेंकलगंज स्थित अपनी दुकान संख्या-57 व 58 के पुनर्निर्माण की अनुमति मांगी गई थी।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार 15 मार्च 2026 को लगी भीषण आग में उनकी दोनों दुकानें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उन्होंने पालिका से अनुरोध किया कि उन्हें इन दुकानों को तोड़कर भू-तल पर नए सिरे से निर्माण की अनुमति प्रदान की जाए। पालिका अभिलेखों के अनुसार दुकान संख्या-57 व 58 अलग-अलग वार्षिक किरायेदारी पर दर्ज हैं, जिनका किराया क्रमशः 72,252 रुपये एवं 72,264 रुपये है और दोनों का किराया मार्च 2026 तक जमा है।
पालिका के मानचित्रकार की रिपोर्ट के अनुसार उक्त दुकानों का कुल क्षेत्रफल 54.72 वर्ग मीटर है। चूंकि निकाय की संपत्तियों से संबंधित निर्णय लेने का अधिकार बोर्ड के पास होता है, इसलिए इस प्रस्ताव को भी विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। विस्तृत चर्चा के बाद बोर्ड ने प्रार्थी को नियमों के तहत निर्माण की अनुमति प्रदान कर दी।
बैठक के दौरान सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया गया और सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव भी रखे। अंततः सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि नगर के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस बैठक के निर्णयों से जहां एक ओर शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, वहीं दूसरी ओर पालिका संपत्तियों से जुड़े लंबित मामलों का भी समाधान संभव हो सकेगा। विशेष रूप से पार्क निर्माण, खेल सुविधाओं का विकास और क्षतिग्रस्त दुकानों के पुनर्निर्माण जैसे फैसले स्थानीय नागरिकों के लिए राहत और सुविधाएं बढ़ाने वाले साबित होंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने बैठक के अंत में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा लिए गए निर्णयों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

