12:45 am Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

राजकीय महिला महाविद्यालय में पुरस्कार वितरण एवं विदाई समारोह

राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में दिनांक 13 अप्रैल 2026 को युवा महोत्सव ‘रम्य’ के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह एवं विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, एंव सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत बैज अलंकरण एवं स्वागत गीत के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ। इसके पश्चात प्राचार्या महोदया द्वारा प्रेरणादायी उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। समारोह का मंच संचालन डॉ. भावना सिंह एवं डॉ. ऋषभ भारद्वाज द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त विभागों द्वारा आयोजित विभागीय परिषद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सत्र भर आयोजित विभिन्न गतिविधियों—जैसे हर घर तिरंगा, उन्नत भारत अभियान, सड़क सुरक्षा सप्ताह, मतदाता जागरूकता अभियान, अटल बिहारी वाजपेई जन्म शताब्दी एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित पोस्टर, निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी एवं स्वरचित कविता पाठ, लेख लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इसी क्रम में युवा महोत्सव ‘रम्य’ के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं समूह लोकनृत्य, एकल लोकनृत्य, लोकगीत गायन, कबाड़ से जुगाड़, गमला सज्जा (पौधा सहित), पोस्टर प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता तथा हुनर हाट में लगाए गए स्टॉल के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। साथ ही रेंजर्स कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
महाविद्यालय की पुरातन छात्राओं (Alumni) को महाविद्यालय में उनके सहयोग एवं योगदान हेतु प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती अर्चना पाण्डेय, डॉ. सतीश कुमार, डॉ बृजेश कुमार, कु सरिता गौतम, श्री रोहित कुमार, श्रीमती अफसाना खातून एवं श्री राजीव पाली का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. भावना सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के पश्चात स्नातक तृतीय वर्ष की छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तृतीय वर्ष की छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा उन्होंने महाविद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए, जिससे वातावरण भावुक एवं स्मरणीय बन गया।
यह कार्यक्रम छात्राओं की प्रतिभा, उपलब्धियों एवं महाविद्यालय से उनके जुड़ाव को प्रदर्शित करने वाला एक सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस