बदांयू 12 अप्रैल।
खरमास में ठंड़े पड़े बाजार में सहालग शुरू होने से पहले गरमी आ गई है। कपड़े, गहने, इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ फर्नीचर और ऑटोमोबाइल के कारोबार में उछाल आया है।
व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार लगन में पिछले साल की अपेक्षा 10 से 15 प्रतिशत अधिक कारोबार होगा। क्योंकि इस बार अप्रैल में तेज लगन है। ऐसे में अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
खरमास में सन्नाटे के बाद विदाई बेला से पहले सहालग का बाजार चमका है। कारोबार में अचानक उछाल देखा जा रहा है। सोने-चांदी का भाव चढ़ने के बावजूद खरीदारों की संख्या अधिक है। कपड़े की दुकानों में देखने और खरीदने वालों की भीड़ है। जिनके परिवार में बेटी की शादी हैं, वे इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों से पूरे सेट खरीद रहे हैं। साथ में फर्नीचर में बेड, सोफा और आलमारी सहित अन्य सामानों की बिक्री भी ज्यादा हो रही है।
व्यापारियों के अनुसार, बाजार में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 15 अप्रैल से इसमें और इजाफा होगा।
बताया गया कि खरमास खत्म होने वाले हैं, जिससे अब बाजार में रौनक लौट आई है। सहालग की तैयारी में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं, जिससे कपड़ा, रेडीमेड गारमेंट्स, ज्वेलरी, बर्तन, फर्नीचर और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई देने लगी है। खासकर शाम के समय बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है।——
15 अप्रैल से एक बार फिर शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली है। अप्रैल में 15 तारीख से शादियों के मुहूर्त हैं। इससे बाजारों में रौनक दिखाई देने लगी है। शादी समारोह के लिए लोग परिधानों की खरीदारी में जुटे हुए हैं। बाजारों में साड़ी, लहंगे, कुर्ती-सलवार सहित विभिन्न डिजाइनों के परिधान आए हैं। शनिवार को बड़ा बाजार में रौनक दिखी।
मार्केट में कास्मेटिक, चूड़ी, फुटवियर, रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई। सराफा कारोबारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि सराफा बाजार में शनिवार का असर दिखा, मगर खरीदारी को लोग पहुंचे दिखे।
बताया कि लाइटवेट ज्वैलरी की नई रेंज आई है। दोनों धातुओं के भाव तेज होने के चलते ज्यादातर लोग हल्के वजन वाले गहने ही पसंद कर रहे हैं।
कपड़ा कारोबारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि साड़ियों में कांजीवरम, डोला सिल्क, सिफॉन, चुनरी, बंधेज की मांग ज्यादा है।
कारोबारियों के मुताबिक दुल्हन के लहंगे, साड़ियां, दूल्हे के परिधान, जूते-चप्पल, मेकअप किट और गिफ्ट आइटम की मांग में खासा इजाफा हुआ है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
