6:59 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में दंगा नियंत्रण का दमदार रिहर्सल, पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी और रणनीति

बदायूं

बदायूं में दंगा नियंत्रण का दमदार रिहर्सल, पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी और रणनीति

बदायूं, 10 अप्रैल 2026।
जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य दंगा नियंत्रण (बलवा ड्रिल) अभ्यास का आयोजन किया गया। इस दौरान बदायूं पुलिस ने अपनी तत्परता, रणनीति और समन्वय का शानदार प्रदर्शन किया।
ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को यह अभ्यास कराया गया कि किस प्रकार उग्र भीड़, अराजक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों से सख्ती और संयम के साथ निपटा जाए। दंगारोधी उपकरणों की कार्यक्षमता भी परखी गई और विभिन्न परिस्थितियों में उनके उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मॉक ड्रिल में पुलिसकर्मियों ने ही प्रदर्शनकारी और पुलिस दोनों की भूमिका निभाई। शुरुआत में पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से भीड़ को समझाने और शांत करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति के उग्र होने पर पुलिस ने रणनीतिक तरीके से मोर्चा संभाला। इस दौरान पत्थरबाजी से बचाव करते हुए आंसू गैस के गोले दागे गए, रबर बुलेट और हैंड ग्रेनेड के प्रयोग का प्रदर्शन किया गया तथा वाटर कैनन के जरिए भीड़ को तितर-बितर करने का अभ्यास किया गया।
अभ्यास में पुलिस बल की अलग-अलग इकाइयों—अभिसूचना इकाई, सिविल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, अग्निशमन दल, लाठी पार्टी, फायरिंग पार्टी, अश्रु गैस पार्टी और रिजर्व टीम—को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार तैनात कर समन्वित कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। साथ ही घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और उपद्रवियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत बनाने में ऐसे अभ्यासों की अहम भूमिका बताई। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
ड्रिल के दौरान जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं रिक्रूट आरक्षी मौजूद रहे।


केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस