मदर एथीना स्कूल में नन्हे सितारों के लिए भव्य ‘दीक्षांत समारोह’ – ‘ग्रेजुएशन सेरेमनी’ का आयोजन
मदर एथीना स्कूल के प्रांगण में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए एक भव्य ‘दीक्षात समारोह’ (ग्रेजुएशन सेरेमनी) का आयोजन अत्यंत हर्षाेल्लास के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर स्कूल के प्ले-ग्रुप, नर्सरी और के0जी0 कक्षा के नन्हे सितारों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा का पहला पड़ाव पार करने की खुशी मनाई। जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी कक्षाओं में शिक्षिकाओं के साथ केक काटकर अपनी प्रसन्नता और आनंद व्यक्त किया। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे इन कलाकारों ने विभिन्न गीतों पर नृत्य और अपनी प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को जीवंत कर दिया। समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में, पारंपरिक ग्रेजुएशन गाउन और कैप पहने इन नन्हे स्नातकों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने तथा सभी वर्गों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर मेडल एवं प्रशस्ति पत्र द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा सत्र के दौरान आयोजित विविध प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर जीत अपने नाम दर्ज करने हेतु भी उनको शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त कक्षा के सभी विद्यार्थियों को उपहार भी प्रदान किए गए जिनको पाकर छोटे बच्चों के चेहरे खुशी से एक कोमल फूल के समान खिल उठे, उनकी यह प्रसन्नता देखते ही बन रही थी।



इस गौरवपूर्ण क्षण पर विद्यालय की निदेशिका ने अपना संदेश साझा करते हुए कहा कि आज का यह दिन इन बच्चों की पहली बड़ी उपलब्धि का उत्सव है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा और आत्मविश्वास को जगाना है। उन्होंने अभिभावकों को भी उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और आश्वासन दिया कि विद्यालय सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
