*बदायूं*
*केशव गुप्ता*
थाना अलापुर क्षेत्रान्तर्गत कस्बा ककराला में स्थित हज़रत शाह सकलेन मियां रहमतुल्लाह अलेह की दरगाह पर आयोजित तीन दिवसीय उर्स के अवसर पर जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 27 मार्च 2026 को जिलाधिकारी बदायूँ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ द्वारा पुलिस बल के साथ उर्स स्थल का संयुक्त निरीक्षण एवं गश्त की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दरगाह परिसर, मेला स्थल, आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों, पार्किंग व्यवस्था तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता, मुस्तैदी एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उर्स में शामिल होने वाले जायरीनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पेयजल, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित रखने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया गया। साथ ही भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई।
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों एवं आयोजन समिति से संवाद कर सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ उर्स को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। प्रशासन द्वारा हर स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर धार्मिक कार्यक्रम में भाग ले सकें।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी दातागंज, प्रभारी निरीक्षक अलापुर सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी बनाए रखते हुए पूरे आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।






badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
