12:25 am Tuesday , 28 July 2026
BREAKING NEWS

ब्लॉक परिसर में भव्य जैविक किसान मेला, किसानों को दी गई प्राकृतिक खेती की प्रेरणा

उसावां – ब्लॉक परिसर में भव्य जैविक किसान मेला, किसानों को दी गई प्राकृतिक खेती की प्रेरणा

केशव गुप्ता

उसावां। विकास खण्ड उसावां परिसर में नमामि गंगे जैविक खेती परियोजना के अंतर्गत एक भव्य कृषक गोष्ठी एवं जैविक किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख दातागंज अतेन्द्र विक्रम सिंह ने की, जबकि आयोजन कार्यदायी संस्था वायोसर्ट इंटरनेशनल के सहयोग से संपन्न हुआ।
मेले में जिले भर से आए किसानों को जैविक खेती के महत्व और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिला परियोजना समन्वयक ने अपने संबोधन में रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे न केवल भूमि की उर्वरता घटती है, बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ता है।
वहीं, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) उसावां ने किसानों को जैविक विधियों के माध्यम से दीमक एवं फफूंद जनित रोगों की रोकथाम के प्रभावी उपाय बताए। नमामि गंगे के जिला प्रभारी लवकुश मिश्रा ने जैविक खेती में पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन लिया जा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. आर.एस. सिंह ने जैविक फसलों में रोग एवं कीट नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों को रासायनिक दवाओं के स्थान पर जैविक विकल्प अपनाने की सलाह दी।
अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह ने किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यह न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैविक खेती करने वाले किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी डॉ. गजेन्द्र सिंह, अवधेश कुमार, विश्वनाथ शाक्य, सोनू मिश्रा, राहुल लोधी, राकेश शाक्य सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने जैविक खेती को अपनाने का संकल्प लिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस