11:23 am Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

ईद की बाजारों में रौनक – महिलाओं को भा रहे पाकिस्तानी सूट और कश्मीरी चूड़ियां


इफ्तार के बाद बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़।

उझानी-बदांयू 18 मार्च।

मुकद्दस रमजान अब रुख्सत होने को है। तीस रोजों के बाद अल्लाह उन्हें तोहफे में ईद की खुशियां देंगे। इसकी तैयारियों में लोग शिद्दत से जुटे हुए हैं।शहर के बाजार गुलजार है।

खरीदारी करने के लिए लोगों की बाजारों में भीड़ बढ गई है । ईद की खुशियां बांटने के लिए हर एक चीज जुटाने में लगे हैं। खरीदारी के अंतिम दौर में रेडिमेड कपड़ों और शृंगार की सामग्रियों की खूब बिक्री हो रही है। युवतियों को पाकिस्तारी सूट और कश्मीरी चूड़ियां खूब भा रही हैं।

ईद 20 या 21 मार्च को पड़ेगी। ऐसे में खरीदारी के लिए अब कम समय बचा है। जो अब तक खरीदारी नहीं कर पाए हैं, वे कपड़े से लेकर हर एक चीज खरीद रहे हैं। ईद के बाजार के लिए शहर का सबसे बड़ा बाजार शापिंग सेंटर, बिल्सी रोड,व स्टेशन रोड है। सुबह से देर रात तक इन बाजारों में जबरदस्त भीड़ है। बुधवार को उझानी सहित आसपास के देहात क्षेत्र से भी महिलाएं खरीदारी को आ रही है।

बिल्सी रोड के दुकानदार अनवर खान ने बताया कि महिलाएं व युवतियां नायरा, पाकिस्तानी सूट, फरशी सलवार पसंद कर रही हैं। दुकानदार वसीम भाई ने बताया कि जयपुरिया कंगन, मुंबई और कश्मीरी चूड़ियां खूब बिक रही हैं। वहीं युवा जींस, शर्ट, टी-शर्ट के साथ ही लखनवी कुर्ता, तुरपई, पठानी सूट पसंद कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि ईद के सामानों में 10 से 15 फीसदी कीमतों में वृद्धि हुई है। ईद की खरीदारी बाजार के अलावा ऑनलाइन भी खूब हो रही हैं। खासकर युवा खरीदारी कर रहे हैं।

ईद पर घरों को सजाने के लिए सजावटी सामग्री की भी खूब बिक्री हो रही है। महिलाएं पर्दे, चादरें, मेजपोश, गुलदस्ता, डिनर सेट आदि की भी खरीदारी कर रही हैं। दावतों पर आने वाले मेहमानों का सेवइयां आदि से खैरमकदम करेंगी। इसके अलावा सेवइयों की भी बिक्री बढ़ गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस