गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सचिव गौरव रस्तोगी रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विशाल रस्तोगी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और स्वयंसेविकाओं के द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
इसी क्रम में स्वयंसेविका प्रतीक्षा ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि गौरव रस्तोगी ने अपने संबोधन में स्वयंसेविकाओं को समाज सेवा की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। अध्यक्ष विशाल रस्तोगी ने भी स्वयंसेविकाओं के उत्साह एवं उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी समाज के प्रति सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद स्वयंसेविकाओं के द्वारा एक समूह डांस भी प्रस्तुत किया गया। समापन समारोह के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेविकाओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। मेहंदी प्रतियोगिता में अनमता, पोस्टर प्रतियोगिता में भूमिका एवं स्नेहा को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त स्नेहा को “Versatile Volunteer” तथा प्रतीक्षा को “Active Volunteer” के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं डांस प्रस्तुति के लिए पायल, भूमि, पलक और शालू पटेल को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर डॉ. उमा सिंह गौर ने स्वयंसेविकाओं को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया, जबकि डॉ. इति अधिकारी ने छात्राओं को जागरूक नागरिक बनने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वयंसेविकाओं के उत्साह, सहयोग और समर्पण की सराहना की। समापन समारोह समाज सेवा के संकल्प और उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति वर्मा एवं डॉ. शिल्पी तोमर द्वारा किया गया।
जिला संवाददाता सौम्य सोनी की रिपोर्ट —-




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
