7:45 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

बिसौली में जाम से त्रस्त है जनता- लेकिन जनता की कोई नहीं सुनता

बिसौली, बिसैली नगर के बीचोंबीच से गुरजने वाले एमएफ हाईवे पर रोजाना लगने वाले जाम ने बिसौली के नागरिकों का जीना हराम और वाहन चालकों की नाक में दम करके रखा हुआ है लेकिन जीतने के बाद काला चश्मा लगाकर जनता के दर्द को नजरंदाज करने वाले पालनहारों को इसकी ओर देखने की फुरसत नहीं है। जाम का झाम को झेलने वाले बिसौली के वासियों को पच्चीस वर्ष से कभी ओवरब्रिज और कभी बाईपास बनने का झुनझुना और जल्दी मंजूर होने का सपना ना जाने कब – कब और किस – किसने दिखाया लेकिन जनता के कुछ हाथ नहीं आया क्योंकि बाइपास बनवाने का सपना कोई पूरा नहीं करा पाया है। दुकान – दुकान पर बाईपास की मांग के पोस्टर लगे हैं, समाजसेवी भी तमाम समारोह में बाईपास की जरूरत का अहसास पालनहारों का कराते रहते हैं लेकिन जनता का दिल लूटने की राह पर अब तक कोई पालनहार चलता नजर नहीं आ रहा है। नागरिक अब तक पूरे ना होने वाले सपने से अब बुरी तरह टूट चुके हैं और नागरिकों को लगता है कि बाईपास ऐसा सपना है जो आजादी के सौ वर्ष तक शायद पूरा हो पाये। नागरिको का सबसे बडा दुख इस बात का है कि पिछले विधानसभा चुनाव में वर्तमान विधायक आशुतोश मौर्य समाजवादी पार्टी से चुनाव जीते थे लेकिन राजनेतिक हालात के चलते वर्तमान समय प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं की आंख का तारा बने हुए हैं और इतना सब होने के बावजूद बाईपास बनने की बात कहीं आसपास तक नजर नहीं आ रही है। यही कारण है कि पूरी तरह से टूटे नागरिक अब यह कहने लगे है कि बाईपास छोडो बस डिवाइडर बनवा कर हमारी जान छुडवा दो जिससे नगर में अव्यवस्थित यातायात पर कुछ हद तक लगाम लग सके।
नगरवासी प्रवेश शर्मा का कहना है कि जाम से राहत हेतु एमएफ.हाईवे पर बिसौली में डिवाइडर बनाया जाना जरूरी है। पूर्व सभासद जयप्रकाश शर्मा का कहना है कि डिवाइडर बनने से दोनों दिशाओं के वाहन अपनी-अपनी लेन में चलेंगे और गलत दिशा में घुसने की समस्या खत्म होगी। नीरज शर्मा ने यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता न के बराबर दिखती है और वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर अव्यवस्था फैलाते हैं। चितरंजन गुप्ता और अनूप शर्मा का कहना है कि ओवरब्रिज और बाईपास भले भविष्य की योजना हो लेकिन फिलहाल डिवाइडर बनाकर लोगों को कुछ राहत दी जा सकती है। डॉ. रूपेंद्र आर्य भी मांग की है कि अब आए दिन जाम की स्थिति बेहद खराब होती जा रही है इसके लिए जिम्मेदारों को समस्या का हल जरूर निकालना चाहिए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.