12:26 am Tuesday , 28 July 2026
BREAKING NEWS

राष्ट्रसेवा, अनुशासन और संस्कारों से होता है व्यक्तित्व का निर्माण : पाराशरी

बिसौली : संविलयन विद्यालय हर्रायपुर में भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में त्रिदिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। प्राकृतिक आपदाओं से बचाव और कम से कम संसाधनों में सुव्यवस्थित जीवन जीने की कलाओं की ट्रेनिंग दी गई।
मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रिय कार्यकारिणी सदस्य हरीओम पाराशरी ने कहा कि स्काउटिंग जीवन जीने की कला सिखाती है। सच्चा स्काउट वही है जो विपरीत परिस्थितियों में भी मानवता की सेवा को सर्वोपरि रखता है और राष्ट्रहित के लिए सदैव तत्पर रहता है।
उद्योगपति अखिलेश शर्मा ने कहा कि यदि युवा स्काउटिंग की भावना को अपने जीवन में उतार लें, तो कोई भी चुनौती राष्ट्र की उन्नति को रोक नहीं सकती। समाजसेवी देवेश शंखधार ने कहा कि बच्चे अपने चिंतन, चरित्र और व्यवहार में परिवर्तन लाएं तो हर समस्या का समाधान संभव है। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउट संकट की घड़ी में दूसरों की सहायता और राष्ट्र की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
शिविर में स्काउट–गाइड को प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप, आगजनी और दुर्घटनाओं में बचाव, सीमित संसाधनों में सुव्यवस्थित जीवन जीने की कला, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता आदि के साथ राष्ट्रध्वज फहराने के नियम, स्काउटिंग आंदोलन का इतिहास, प्रार्थना, झंडा गीत, प्रतिज्ञा, सैल्यूट, बायां हाथ मिलाना, ड्रिल आदि का प्रशिक्षण दिया गया।
संचालन कर रहे प्रधानाध्यापक कुंवरसेन ने विद्यालय की प्रगति अख्या प्रस्तुत की। इस मौके पर प्रधान धर्मपाल, श्रवण यादव, शिक्षक उमेश चंद्र, चित्रा अरोरा, हिमानी वार्ष्णेय, हेमलता, अंजुम बुसरा आदि मौजूद रहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस