10:20 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

राजकीय महिला महाविद्यालय बदायूँ में तृतीय शिविर का सफल आयोजन

दिनांक 11 फरवरी 2026 को राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ में राष्ट्रीय सेवा योजना के तृतीय एकदिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्य गीत के सामूहिक गायन से हुआ, जिससे वातावरण में उत्साह एवं सेवा-भावना का संचार हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डॉ० ऋषभ भारद्वाज के निर्देशन में स्वयंसेविकाओं द्वारा पर्यावरण प्रदूषण से बचाव एवं जन-जागरूकता हेतु एक जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ० वन्दना की अनुमति एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। रैली में डॉ० अर्चना पाण्डेय, डॉ० भावना, तथा डॉ० बृजेश कुमार सहित महाविद्यालय के माननीय शिक्षकगण उपस्थित रहे। रैली जिस-जिस क्षेत्र से होकर गुज़री, वहाँ लोगों को स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने तथा प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर डॉ० बृजेश कुमार ने स्वयंसेविकाओं को पर्यावरण संरक्षण विषय पर व्याख्यान देते हुए स्वच्छता के लाभों तथा पॉलीथीन के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉलीथीन के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल थैलों के उपयोग हेतु प्रेरित किया तथा स्वच्छ पर्यावरण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।
अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ० ऋषभ भारद्वाज ने 21 से 27 फरवरी तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा स्वयंसेविकाओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। कार्यक्रम राष्ट्रसेवा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस