बदायूं में साले के तिलक समारोह में सिर्फ एक ‘ना’ और सब खत्म, सैंडोला गांव के जंगल में फांसी पर लटका मिला युवक
बदायूं में साले के तिलक समारोह में रविवार की रात पत्नी ने साथ में डांस करने से मना किया तो पति ने सुसाइड कर लिया। बिसौली के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सैंडोला गांव में सोमवार सुबह फांसी पर लटका शव देखकर परिवार में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सैंडोला गांव में साले का तिलक समारोह था। ऐसे में उघैती क्षेत्र के बरबारा गांव निवासी 30 वर्षीय अनिल पुत्र वीरम सिंह परिवार के साथ समारोह में शामिल होने पहुंचे। शाम से ही घर में खुशी का माहौल था।
तिलक समारोह के दौरान एक तरफ खाना चल रहा था तो दूसरी तरफ डीजे पर लोग डांस कर रहे थे। तभी उत्साह में अनिल ने अपनी पत्नी प्रियंका को साथ में डांस करने के लिए डीजे पास खींचा। इस पर पत्नी ने डांस करने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया।
साले ने बताया कि झगड़े के दौरान जीजा अनिल ने बहन को पीट दिया। इसका सभी ने विरोध किया तो वह नाराज होकर वहां से चले गए। समारोह की भीड़ में किसी ने ध्यान नहीं दिया कि अनिल कहां गए।
सुबह गांव के बाहर जंगल की ओर कुछ ग्रामीण जा रहे थे कि एक पेड़ से फांसी पर लटका युवक का शव मिला। सूचना पर बाकी ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अनिल पुत्र वीरम सिंह के रूप में हुई।
अनिल के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। पत्नी प्रियंका (नन्ही) का भाई सोनू है। अनिल के तीन भाई जिसमें बड़े भाई सुधीर, मंझले सुनील, सबसे छोटे मृतक अनिल हैं।
सदमे में है परिवार
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में गहरा दुख छा गया। परिवार के सदस्य सदमे में थे। मौके पर पहुंची फैजगंज बेहटा थाना पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फैजगंज बेहटा थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया-
मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस फिलहाल आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

