बदायूं। नगर के श्री राधा माधव मन्दिर नई सराय पुलिस चौकी में श्रीमद् भागवत कथा संकीर्तन महामहोत्सव जारी है। कथा के छठे दिन कथाव्यास पूज्य पंडित श्याम सुंदर शिवराम जी महाराज ने कंस वध व रुक्मिणी विवाह के प्रसंग सुनाए।
उन्होंने बताया कि जब कंस के अत्याचार से पृथ्वीवासी भगवान से गुहार लगाने लगे तब भगवान अवतरित हुए और कंस को यह पता था कि उसका वध श्रीकृष्ण के हाथों ही होना निश्चित है। इसलिए उसने बाल्यावस्था में ही श्रीकृष्ण को कई बार मरवाने का प्रयास किया, लेकिन हर प्रयास असफल साबित होता रहा। कंस ने अपने प्रमुख अकरुर के द्वारा मल्ल युद्ध के बहाने 11 वर्ष की अल्पायु में कृष्ण और बलराम को मथुरा बुलवाकर शक्तिशाली योद्धा और पागल हाथियों से कुचलवाकर मारने का प्रयास किया, लेकिन वह सभी श्रीकृष्ण और बलराम के हाथों मारे गए। अंत में श्रीकृष्ण ने अपने मामा कंस का वध कर मथुरा नगरी को कंस के अत्याचारों से मुक्ति दिला दी। कंस वध के बाद श्रीकृष्ण ने माता-पिता वसुदेव और देवकी और महाराज उग्रसेन को कारागार से मुक्त कराया।

कथा व्यास शिवराम जी महाराज ने बताया कि माता लक्ष्मी का अवतार रुक्मिणी विदर्भ साम्राज्य की पुत्री थी। वह श्रीकृष्ण से विवाह करने की इच्छुक थी, मगर रुक्मिणी के पिता व भाई इससे सहमत नहीं थे। इसके चलते उन्होंने रुक्मिणी के विवाह में जरासंध और शिशुपाल को भी विवाह के लिए आमंत्रित किया था, जैसे ही यह खबर रुक्मिणी को पता चली तो उन्होंने दूत के माध्यम से अपने दिल की बात श्रीकृष्ण तक पहुंचाई और काफी संघर्ष हुआ युद्ध के बाद श्री कृष्ण रुक्मिणी से विवाह करने में सफल रहे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्त, न्याय किशोर बोर्ड की सदस्य प्रमिला गुप्ता, मुख्य यजमान केशव शर्मा, सरजू गुप्ता, राजीव शर्मा देशान्त रस्तोगी, चाहत रस्तोगी, महेन्द्र गुप्ता, पंडित सुधांशु जी, अशोक भारतीय, सचिन भारद्वाज, रवीन्द्र मिश्रा, अभिषेक सक्सेना, शानू गुप्ता, मोहित काका, अंकित आदि लोग मौजूद रहें!
आयोजक शुभम अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को भागवत पूजन एवं शुकदेव विदाई होगी! 22 जनवरी को हवन एवं विशाल भंडारा का आयोजन दोपहर 1 बजे से होगा!

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
