वजीरगंज (बदायूं)।
दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठिठुरन भरी सर्दी में जहां लोग घरों से निकलने में भी हिचक रहे हैं, वहीं वजीरगंज नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अब तक नगर में अलाव की समुचित व्यवस्था न किए जाने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
नगर में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों, दूसरे स्थानों पर जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ रात्रि में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को भी ठंड से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमुख चौराहों और बाजारों में अलाव न होने से देर शाम और रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है।
इस संबंध में नगर के एक सभासद पति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से उच्च अधिकारियों को अवगत कराने का प्रयास भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
जब इस विषय में नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि एवं पुत्र जहीर अहमद से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि नगर में अलाव लगवाए जा रहे हैं। हालांकि, जब स्थानीय नागरिकों से इस बारे में जानकारी ली गई तो उन्होंने नगर पंचायत द्वारा अलाव लगाए जाने से साफ इनकार किया।
नगरवासियों ने प्रशासन से शीघ्र अलाव की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि कड़ाके की ठंड से आम लोगों को कुछ राहत मिल सके।
—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
