8:21 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

बदांयू में सर्दी का सितम बढ़ा- डीएम ने स्कूलों का समय बदला, कुछ स्कूल नहीं मानते आदेश

उझानी बदांयू 18 दिसंबर।

बदांयू जिले में चार दिन से सर्दी का सितम बढ़ गया है। ठंड को देखते हुए आठवीं तक स्कूलों का डीएम ने समय बदल दिया गया है। डीएम ने समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त समस्त विद्यालयों में कक्षा एक से कक्षा आठ तक के शैक्षणिक कार्य के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक का समय निर्धारित कर दिया है। फिर भी कुछ स्कूल आदेश मानने को तैयार नहीं। पुराने समय से ही संचालित हो रहे हैं।

कल सुबह से घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता 50 मीटर से कम रही। इसके चलते वाहनों की रफ्तार थम गई। दोपहर तक बादल छाए रहने से ठंड के साथ गलन बढ़ गई।

अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद हल्की धूप निकली तो लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली, लेकिन शाम होते ही फिर कोहरा छा गया।

कोहरे के कारण हाईवे से लेकर विभिन्न मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। वाहन रेंगते दिख रहे थे।
दोपहर में भी हेड लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। कई जगह इस कदर कोहरा रहा कि छोटे वाहनों के चालक बड़े वाहनों के पीछे-पीछे चलने के लिए मजबूर हो रहे थे। यह स्थिति दो बजे तक बनी रही।
इस बीच बदली भी छाई रही, जिससे ठंड में भी इजाफा हो गया है। लोग ठंड से कांपते नजर आए। लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई और लोग देर से घरों से निकले। जो लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाहर गए वह लोग ठंड से कांपते रहे।

जहां कहीं भी आग जलती दिखी वहीं लोग ठहर गए। कुछ लोग चाय की दुकानों पर ठहरकर खुद को गर्म रखने का प्रयास करते नजर आए। ठंड के चलते गरीबों व मजदूर तबके के लोगों की मुसीबत बढ़ गई है।
नगर पालिका गेट पर काम की तलाश में आए भगवान दास, शैलेंद्र आदि ने बताया कि यहां पर अलाव की व्यवस्था न होने से काफी दिक्कत हुई। पशु-पक्षी भी परेशान दिखे।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि कोहरे और ठंड का असर एक सप्ताह तक बने रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस