2:48 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

दुगरैय्या सहकारी समिति पर दलालों का आतंक

खाद वितरण में बवाल – पिता-पुत्र को बेल्टों से पीटा, गैर समुदाय बताकर रोका गया खाद

कुंवरगांव। दुगरैय्या साधन सहकारी समिति पर खुलेआम दबंगई और दलाली का नंगा नाच देखने को मिला। किसानों के लिए लाई गई खाद पर दलालों ने कब्ज़ा जमा रखा था और सचिव व कर्मचारियों की मौजूदगी में मनमानी जारी थी। सुबह से लाइन में लगे ललेई गांव के किसान फ़ैज़ मोहम्मद ने आरोप लगाया कि आधार कार्ड जमा करने के बाद भी शाम चार बजे तक उनका नंबर नहीं लगाया गया। जब उन्होंने अंदर बैठे लोगों से वजह पूछी तो समिति में घुसे दुगरैय्या के दलाल ने पहले जमकर भद्दी गालियाँ दीं और गैर समुदाय का होने का ताना देते हुए खाद देने से साफ इनकार कर दिया। इतने में उनका बेटा तस्लीम विरोध करने पहुँचा तो दलाल ने अपने करीब आधा दर्जन लोगों के साथ दोनों बाप-बेटे को घेरकर बेल्टों, लात-घूँसों से बर्बर पिटाई कर दी। समिति परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को छुड़ाया। किसानों का आरोप है कि दुगरैय्या का यही दलाल समिति पर पूरी तरह हावी है। वह अपने चहेतों को चोरी-छिपे खाद दिलवाता है और जरूरतमंद किसान घंटों लाइन में खड़े रहकर भी खाली हाथ लौट जाते हैं। समिति सचिव सेवाराम ने पल्ला झाड़ते हुए कहा – “हम अंदर मशीन चला रहे थे, अकाउंटेंट बाहर थे। किससे मारपीट हुई, हमें जानकारी नहीं। हम तो वहीं से चले आए।” सचिव के इस बयान ने किसानों में और आक्रोश बढ़ा दिया है। “यह समिति है या दलालों की अदालत? यहाँ बिना रिश्ता-नाता खाद मिलती ही नहीं! “दुगरैय्या का वही दलाल रोज बैठता है, अपने लोगों को पहले खाद, बाकी किसान भाड़ में जाए!” “समिति में खाद नहीं, दलालों की दादागिरी बाँटी जा रही है।”

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगांव

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.