ब्रह्मदत्त गौशाला धाम की “गऊ माँ सेवा रोटी पात्र” की पहल सराहनीय : विधायक
प्रतिदिन बनाएं पहली रोटी गऊ माँ की! यह जिम्मेदारी प्रत्येक सनातनी माँ की!!
बदायूँ। हमारी भारतीय संस्कृति मेँ गाय को माता का स्थान दिया गया है। पहले घर घर मेँ गाय के नाम की पहली रोटी बनाई जाती थी। आज भी बहुत से घरों मेँ इस परम्परा को बनाये रखा गया है। लेकिन आधुनिकता और भागदौड़ भरी जिंदगी मेँ अब धीरे धीरे यह परम्परा विलुप्त होती जा रही है। लेकिन ब्रह्मदत्त गौशाला धाम की सराहनीय जागरूक पहल से फिर से यह परम्परा अनवरत शुरू हो जाएगी। श्री सनातन धर्म सभा के सहयोग से ब्रह्मदत्त गौशाला धाम ने “गऊ माँ सेवा रोटी पात्र ” बनवाकर आज श्री रघुनाथ मंदिर मेँ रखकर इस अभियान को शुरू किया है, इससे निश्चित ही अब प्रत्येक सनातनी परिवार के घर मेँ गाय के नाम से रोटी बनना शुरू हो जाएगी। श्री सनातन धर्म सभा ने इस पवित्र कार्य के सहयोगी बनकर बहुत पुण्य कार्य किया है।
उक्त उद्बोधन नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने श्री रघुनाथ मंदिर मेँ उपस्थित गोप्रेमियों के मध्य कहा। उद्बोधन से पूर्व नगर विधायक ने गऊ माँ रोटी पात्र मेँ रोटियां डालकर विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि गौशालाधाम के सचिव सचिन भारद्वाज ने यह पहल जो करी है, अब हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि यह जागरूकता घर घर तक पहुंचाई जाये। मेरा सभी सनातनी परिवारों की माताओं और बहनों से अनुरोध है कि हर घर मेँ एक रोटी गौमाता के नाम बनाएं और उसे अपने आसपास जो भी गाएं दिखाई दे, अपने हाथों से खिलाएं। यदि आपको गाय नहीं दिखाई दें तो आप अपने घर मेँ एकत्रित कर लें अथवा गऊ माँ रोटी पात्र मेँ डाल दिया करें। जिससे सभी रोटियां गौशाला धाम पहुँच जाएगी। इससे आपके द्वारा यह पुनीत कार्य प्रतिदिन होता रहेगा। हमें अपने बच्चों के अंदर भी गऊ माता के प्रति स्नेह और सेवा को बनाये रखना है। तभी हम अपनी सनातन संस्कृति को बचा सकेंगे।
इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डी के, कोषाध्यक्ष अशोक नारंग, ओमप्रकाश कोचर महामंत्री, वरिष्ठ समाजसेवी अशोक खुराना, संजीव आहूजा, प्रेमप्रकाश अग्रवाल, संजीव प्रकाश, मनोज अरोरा, पवन मेंदीरत्ता, पंडित महावीर, पंडित मनमोहन झा आदि उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
