बिल्सी। नगर में बेखौफ तरीके से हो रही मिठाइयों की घटतौली और अवैध लकड़ी जलाने की शिकायतों को लेकर अरिहंत वृक्षारोपण समिति ने कड़ा रुख अपनाया है। समिति के संस्थापक प्रशांत जैन के नेतृत्व में दो ज्ञापन उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह के माध्यम से जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी और जिला सामाजिक वानिकी प्रभागीय अधिकारी को सौंपे गए। जिसमें कहा गया है कि नगर की कई मिठाई दुकानों पर लंबे समय से मिठाइयों की खुली घटतौली चल रही है। अधिकांश विक्रेताओं द्वारा मिठाई तौलते समय डिब्बे और उसके ढक्कन का वजन भी मिठाई के भाव में शामिल कर लिया जाता है। इतना ही नहीं, कई दुकानों पर मिठाई के दाम के साथ डिब्बों के पैसे भी वसूले जा रहे हैं, जिससे आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके साथ ही समिति ने शिकायत की कि कई मिठाई दुकानदार कंडों और प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ियों को काटकर जला रहे हैं, जिससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगाए गए पेड़ों का अवैध कटान हो रहा है। समिति ने इन समस्याओं पर तत्काल रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, भविष्य में लापरवाही रोकने के लिए नोटिस और जुर्माना लगाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के उपाध्यक्ष डॉ. नीरज अग्निहोत्री, वंश गोस्वामी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com