किसानों को हो रही परेशानी, समिति सचिव के संज्ञान में आया मामला
जिला संवाददाता सौम्य सोनी की रिपोर्ट—
बदायूं में डीएपी खाद की भारी किल्लत से किसान परेशान हैं। गेहूं की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें लंबी कतारों में खड़े होने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
किसानों का आरोप है कि उन्हें डीएपी खाद के बजाय एनपीके खाद खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इससे उनकी कृषि लागत में वृद्धि हो रही है और फसल की गुणवत्ता व पैदावार पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है।
यह समस्या मुख्य रूप से जनपद बदायूं की पश्चिमी साधन सहकारी समिति बिसौली से सामने आई है, जहां खाद वितरण में अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं।
यादपुर निवासी महिला किसान प्रेम कुमारी ने बताया कि डीएपी को लेकर क्षेत्र के किसान बहुत ज्यादा परेशान हैं। प्राइवेट दुकानों पर नकली डीएपी खाद होने की आशंका जताई जा रही है। समितियों और गोदामों पर डीएपी खाद के बदले एनपीके खाद दिया जा रहा है, जो महंगा होने के कारण किसानों की जेब पर भी असर डाल रहा है।
समिति के सचिव नरेंद्र कुमार यादव से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि डीएपी और एनपीके खाद में कोई विशेष फर्क नहीं है। एनपीके खाद में पोटाश की मात्रा होने के कारण यह थोड़ा महंगा पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दो से तीन दिनों के अंदर बिसौली पश्चिमी साधन सहकारी समिति पर डीएपी खाद उपलब्ध होने की संभावना है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com