12:23 am Tuesday , 28 July 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव नगर में तालाब में जहर डालकर चार लाख की मछलियां मरीं, पीड़ित ने अज्ञात पर जताया शक

 

 

नगर कुंवरगांव।क्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां अज्ञात व्यक्ति द्वारा तालाब में जहरीली दवा डालने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, नगर कुंवरगांव के वार्ड संख्या सात निवासी अनिल कश्यप पुत्र छोटे कश्यप एवं गुरु कश्यप पुत्र छोटे कश्यप ने अपने तालाब में मछली पालन कर रखा था। यह तालाब कस्बे में स्थित रामलीला ग्राउंड के पास बना हुआ है।
पीड़ितों का कहना है कि वे लंबे समय से इस तालाब में मछली पालन कर अपनी जीविका चला रहे थे। मंगलवार की रात्रि में किसी अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे तालाब की सभी मछलियां मर गईं। सुबह जब अनिल कश्यप तालाब पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पानी के ऊपर मरी हुई मछलियां तैर रही थी। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़ितों ने बताया कि तालाब में पाली गई मछलियों की कीमत लगभग चार लाख रुपये थी। यह उनका सालभर की मेहनत का परिणाम था, लेकिन किसी अज्ञात व्यक्ति की इस हरकत से उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर गया। सूचना पाकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और घटना को देखकर हैरान रह गए।
अनिल कश्यप ने बताया कि उन्होंने सभी मरी हुई मछलियों को तालाब से निकालकर पास के खेत में ढेर लगा दिया। इसके बाद दोनों भाइयों ने थाना कुंवरगांव पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर देकर जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना शरारती तत्वों की करतूत हो सकती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।।

विज्ञापन एक्सप्रेस