बदायूं में 40 लाख की हेरोइन बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार:दूसरा साथी फरार, चेकिंग के दौरान पकड़े गए
बदायूं के मूसाझाग थाना पुलिस ने 40 लाख रुपए मूल्य की 204 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत लगभग 40 लाख रुपए है। आरोपी का एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई शनिवार आधी रात को मूसाझाग थाने में तैनात एसआई धर्मेंद्र कुमार और उनकी टीम ने चेकिंग के दौरान की। पुलिस ने एक बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार हड़बड़ा कर बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसकी पहचान दातागंज कोतवाली के मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी वंश गुप्ता के रूप में हुई। उसका साथी, दातागंज कोतवाली के पुरैनी गांव निवासी उमर, मौके से फरार होने में सफल रहा।
तलाशी के दौरान, वंश गुप्ता की जेब से एक पॉलीथिन में सफेद पाउडर मिला। जांच में यह पाउडर हेरोइन पाया गया। बरामद हेरोइन का वजन 204 ग्राम था। सूचना मिलने पर सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र पचौरी भी मौके पर पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में वंश गुप्ता ने बताया कि फरार आरोपी उमर ही यह मादक पदार्थ कहीं से लाता है और उसे लोगों तक पहुंचाता है। वंश उसके साथ इसलिए आया था क्योंकि उमर उसे माल की डिलीवरी के बाद 5 से 10 हजार रुपए देता था।
एसएचओ मान बहादुर सिंह ने बताया कि बरामद माल की कीमत लगभग 40 लाख रुपए है। पुलिस कई दिनों से इन आरोपियों की तलाश कर रही थी। उन्होंने कहा कि हेरोइन कहां से आती थी और इसकी सप्लाई कहां होती थी, इन सवालों का जवाब फरार आरोपी उमर की गिरफ्तारी के बाद ही मिल पाएगा। उमर की तलाश जारी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
