बदायूं में आगामी दीपावली और धनतेरस त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से शहर और सहसवान क्षेत्र के मुख्य बाजारों में पैदल गश्त की। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
डीएम और एसएसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, उपजिलाधिकारी सहसवान साईं अश्रित शाकमुरी, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी सहसवान कर्मवीर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ यह गश्त की। इस दौरान लावैला चौक, छः सड़का, सर्राफा बाजार, मुख्य बाजार और हलवाई चौक जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया।
गश्त का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता में सुरक्षा की भावना जागृत करना था। अधिकारियों को दीपावली और धनतेरस के दौरान प्रतिदिन फुट पेट्रोलिंग करने और पुलिस की सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों के दौरान शहर में कहीं भी जाम की स्थिति न हो, इसके लिए प्रत्येक चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस बल के साथ थाना पुलिस को भी तैनात रखने के निर्देश दिए गए। रात्रि में भी आम जनता की आवाजाही को देखते हुए, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रात्रि गश्त और पुलिस मोबाइल टीमों को लगातार भ्रमणशील रहने का आदेश दिया गया है, ताकि आगामी त्योहारों को सकुशल और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
