3:32 am Tuesday , 28 July 2026
BREAKING NEWS

आधार अपडेट महंगा, अब नवंबर से घर बैठे सेवा के लिए 700 रुपये

*आधार अपडेट महंगा, अब नवंबर से घर बैठे सेवा के लिए 700 रुपये।**********—–

बदांयू 4 अक्टूबर।

आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर जैसी जानकारी अपडेट करना अब पहले से महंगा हो गया है। अब नवंबर माह से घर बैठे आधारकार्ड अपडेट सेवा के लिए 700 रुपये देने होंगे।

यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) ने आधार से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का शुल्क बढ़ा दिया है। नए नियम एक अक्तूबर 2025 से लागू हो गए हैं। यह 30 सितंबर 2028 तक प्रभावी रहेंगे।

यूआईडीएआई की बेवसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार अब बायोमीट्रिक अपडेट जैसे फिंगरप्रिंट, आईरिस या फोटो बदलने पर 100 रुपये की जगह 125 रुपये लगेंगे। वहीं डेमोग्राफिक अपडेट (नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर) व डॉक्यूमेंट अपडेट के लिए 75 रुपये देने होंगे। यूआईडीएआई ने बच्चों को राहत दी है। 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष की उम्र में बायोमीट्रिक अपडेट एक बार बिल्कुल मुफ्त रहेगा। साथ ही 7 से 15 वर्ष तक की उम्र के बच्चों की बायोमीट्रिक फीस 30 सितंबर 2026 तक माफ कर दी गई है। वहीं पांच से सात वर्ष के बच्चों का नया आधार बनवाने पर कोई भी फीस नहीं लगेगी।

अगर कोई व्यक्ति घर बैठे आधार अपडेट कराना चाहता है, तो इसके लिए 700 रुपये (जीएसटी सहित) देना होगा। उसी घर में अन्य सदस्य भी यह सेवा लेना चाहें तो प्रत्येक अतिरिक्त व्यक्ति पर 350 रुपये का शुल्क लगेगा। यह शुल्क सामान्य फीस से अलग होगा। डाक विभाग के कर्मचारी ने बताया कि आधार सेवा के लिए शुल्क बढ़ाया गया है। नाम, पता, फोन नंबर, जन्मतिथि बदलने पर अब कार्ड धारक को ज्यादा शुल्क देना होगा।

रंगीन प्रिंट भी महंगा
आधार की कलर कॉपी या प्रिंटआउट अब 40 रुपये (2025–28) और 50 रुपये (2028–31) में मिलेगा। जबकि ऑनलाइन एड्रेस अपडेट 14 जून 2026 तक निशुल्क रहेगा। इसके बाद सर्विस सेंटर पर वही अपडेट कराने पर 75 रुपये चुकाने होंगे।

जिला संवाददाता सौम्य सोनी

विज्ञापन एक्सप्रेस