2:00 pm Tuesday , 28 July 2026
BREAKING NEWS

कावड यात्रा -हाईवे पर दिख रहा आस्था का सैलाब, शिव के भजनों पर झूमते गंतव्यों की ओर बढ़ रहे कांवड़िए

उझानी बदांयू 26 जुलाई।

कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली मथुरा हाईवे भक्ति से सराबोर हैं। डाक कांवड़ से लेकर पैदल जत्थों तक शिवभक्त भजनों पर झूमते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। सावन का यह नजारा हर किसी को आकर्षित कर रहा है।

सावन माह की कांवड़ यात्रा 2025 ने कछला से लेकर बरेली तक की सड़कों को आस्था के रंग में रंग दिया है। शहरों की सड़कों पर हर हर महादेव की गूंज है।

शिवभक्तों की टोलियां शिव भजनों पर थिरकती हुईं, कंधे पर गंगाजल लिए हुए, अपने-अपने शिवालयों की ओर बढ़ रही हैं। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने डीजे सिस्टम, ढोल और भजन मंडलियों के साथ उत्सव का माहौल बना दिया है।

दिन हो या रात, हाईवे पर आस्था का यह सैलाब लगातार बह रहा है। डाक कांवड़िए पूरे वेग से दौड़ते हुए गंतव्यों की ओर बढ़ रहे हैं, तो सामान्य कांवड़िए शिव के भजनों पर झूमते हुए थकान भूल चुके हैं।

शिविरों में लगे भंडारों से लेकर सेवा में लगे युवाओं तक, हर कोई भोलेनाथ की भक्ति में रंगा नजर आ रहा है। ट्रैफिक की धीमी रफ्तार के बीच शिवभक्तों की ऊर्जा किसी को भी प्रभावित कर रही है।

कांवड़ मार्ग पर शाम और रात के समय मेला जैसा माहौल है। कांवड़ देखने के लिए शहरवासी भी कांवड़ मार्ग पर निकल रहे हैं। इसके साथ ही शिविरों में उनकी सेवा कर रहे हैं।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस