
बदायूं (वजीरगंज)। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया 87 में सोमवार देर रात करीब 2 बजे ग्रामीणों की सतर्कता से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जो कथित तौर पर अपने अन्य साथियों के साथ गांव में लूटपाट की योजना बना रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोगों ने देर रात संदिग्ध गतिविधि देखी और शोर मचाया, जिससे पूरे गांव के लोग जाग गए। मौके की नजाकत को समझते हुए अन्य संदिग्ध मौके से भागने में सफल हो गए, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने धर दबोचा।
पकड़े गए युवक के पास से मोबाइल, ड्रोन कैमरा और उसका रिमोट कंट्रोल बरामद हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि ये गिरोह ड्रोन की मदद से गांव की निगरानी कर रहा था ताकि लूटपाट को अंजाम दिया जा सके।
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि संदिग्धों की अन्य टोलियां पस्तोरा व अन्य गांवों की तरफ भाग निकली हैं, जिससे आसपास के गांवों में भी दहशत फैली हुई है।
पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज सुजीत कुमार सिंह के हवाले कर दिया है। पुलिस अब पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और फरार साथियों की तलाश में जुट गई है।
गांव में सुरक्षा को लेकर चौकसी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com