10:30 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी – मेंथा फैक्ट्री में जिंदा जले मुनेन्द्र को तलाश करने में प्रसाशन की सुस्ती, परिजनों पर टूटती पुलिस की लाठियां आखिर क्यों ?

जनहानि पर नहीं, नुक़सान से सभी राजनैतिक दल चिंतित।

उझानी बदांयू 25 मई।
बुधवार की रात कुंडा नरसिंहपुर की मेंथा फैक्ट्री में लगी भयानक आग में फैक्ट्री का काफी कुछ खाक हो गया। लेकिन उससे भी बडा नुकसान मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव बिचौला की रेखा पत्नी मुनेन्द्र का हुआ, उसके पति का तो अब तक पता नहीं कि फैक्ट्री की लपटों में समा गया या लापता हो गया। अगर परिजन मुनेन्द्र की तलाश करने की प्रसाशन से गुहार लगाते फैक्ट्री गेट पर पहुंचते हैं तो मुनेन्द्र नहीं पुलिस की लाठियां पड़ती है। आखिर क्यों ?।

क्या प्रसाशन के अधिकारियों की मानवता किसी असहाय पिता के साथ ऐसा करने की इजाजत देती है,क्या बेटे की तलाश को कहना गुनाह है ?। मुनेन्द्र के भाई पुष्पेन्द्र व गजेन्द्र चीख-चीख कर कह रहे हैं कि मुनेन्द्र वायलर की चिमनी में दबकर जिंदा जल गया अब उसके शव को हमें मलबे से निकाल कर दे दिया जाए। या हमें प्रसाशन इजाजत दे कि हम मुनेन्द्र को अपने आप तलाश कर सकें।

सत्ताधारी हो या विपक्षी पार्टियों के नेता किसी को मुनेन्द्र के परिजनों को सांत्वना देने की फुर्सत नहीं। किसी पार्टी का शिष्टमंडल आ रहा है। कोई खुद आकर फैक्ट्री के नुक़सान का आकलन कर रहा है मगर बिचौला जाकर मृतक मुनेन्द्र के परिजनों को सांत्वना देने की किसी ने ज़रुरत महसूस नहीं की, शव को फैक्ट्री के मलवे से तलाश कराने को जिला प्रसाशन से कहने की किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई । आखिर एक इंसान की जलकर मौत हुई है, एक का सुहाग उजड़ा दो बेटियां बेसहारा हो गई पिता का सहारा छिन गया। क्या एक इंसान को तलाश कराने की किसी ने जरुरत महसूस नहीं की। जनहानि से बड़ी कोई हानि हो सकती है ?

मुनेन्द्र की जलकर मौत या लापता ?

जिला प्रसाशन की जिम्मेदारी है कि उसे ढूंढ़कर परिजनों को सोंपे,मगर मुनेन्द्र के परिजनों द्वारा दी गई गुमशुदगी को कोतवाली पुलिस ने आज तक दर्ज करना भी जरूरी नहीं समझा, मुनेन्द्र की तलाश करने की कहने पर ही पुलिस ने एक रिश्तेदार को पकड कर दो घंटे कोतवाली में बिठाऐ रखा राजनैतिक हस्तक्षेप के बाद छोडा। वहीं दो दिन पहले पिता सहित बिचोला के ग्रामीणों को पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए खदेड़ दिया था।

फैक्ट्री के मलबे को हटाने में लगेगा वक्त ?

कुंडा नरसिंहपुर की मेंथा फैक्ट्री से मलबे को हटाने में प्रसाशन को वक्त लगेगा तो क्यों ना मुनेन्द्र के भाई गजेन्द्र व पुष्पेन्द्र के अनुसार पहले वायलर की चिमनी के आसपास का मलवा हटाकर मुनेन्द्र को तलाश कर लिया जाऐ। पुष्पेन्द्र के मुताबिक मुनेन्द्र चिमनी के नीचे दब गया था।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस