5:06 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ का आयोजन

‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने किया पौधरोपण

सिलहरी से पी.एस. पटेल की रिपोर्ट

बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ के अंतर्गत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता एवं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार ने परिसर स्थित ‘उदय वन’ में “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया।

इस अवसर पर सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार, डॉ. रितुज अग्रवाल, डॉ. मुकत्याज हुसैन, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. अमित कुमार, डॉ. सुचेता यादव, अनिल कुमार गुर्जर सहित संस्थान के अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन वृक्षारोपण प्रभारी अधिकारी डॉ. लालेन्द्र यादव ने किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हरित वातावरण के निर्माण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं वृक्षारोपण अभियान निरंतर चलाए जाएंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस