बादुल्लागंज में स्कूल के पास जलभराव: कीचड़ में गिरकर घायल हो रहे मासूम, 5 महीने से नहीं हुआ समाधान।
बदायूं 18 जुलाई।
ब्लॉक कादरचौक के गांव बादुल्लागंज में सरकारी स्कूल के पास सड़क पर भरे पानी और कीचड़ ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है, जो रोजाना इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को भी पानी भरी सड़क पर फिसलकर कई बच्चे गिरे। इससे उनके कपड़े खराब हो गए और कुछ को चोटें भी आईं। बरसात के कारण स्थिति और बदतर हो गई है। पूरा रास्ता कीचड़ से लथपथ हो चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या सिर्फ स्कूल के पास ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में फैली हुई है। करीब 5 महीने से हालात ऐसे ही हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
गांव वालों ने बताया कि इस मामले की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान से की जा चुकी है, मगर कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इसके अलावा गांव में सफाई कर्मचारी भी नियमित नहीं आते, जिससे गंदगी और जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि बच्चों और आम लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

