1:35 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

बदांयू -छत के रास्ते घर में घुसे चोर, दो लाख नकद समेत लाखों के जेवर ले उड़े

बदांयू -छत के रास्ते घर में घुसे चोर, दो लाख नकद समेत लाखों के जेवर ले उड़े,।

सुबह पैंट से गायब मिले आठ हजार रुपये तो खुला चोरी का राज, कोतवाली में दी तहरीर।

बदांयू 30 जून।

शहर के कूचापांडा टिकटगंज मोहल्ले में शनिवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। छत के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के लाखों के जेवरात समेट ले गए। सुबह गायब रुपयों की तलाश में पहुंचे गृहस्वामी को घटना का पता चला तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

कूचापांडा टिकटगंज निवासी दुर्गा प्रसाद गुप्ता पुत्र स्व. बृजबिहारी लाल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 27 जून शनिवार रात करीब 11 बजे वह अपना प्रतिष्ठान बंद कर घर आए थे। खाना खाकर अपने कमरे में सो गए। पुत्रवधू रिया मायके गई थी, इसलिए बेटा प्रदीप भी उन्हीं के कमरे में सोया था।

दुर्गा प्रसाद ने बताया कि 28 जून रविवार सुबह वह दुकान जाने के लिए उठे तो देखा रात में उतारी पैंट से सात से आठ हजार रुपये गायब थे। पैंट ढूंढते हुए जब बेटे-बहू के कमरे में पहुंचे तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली थी। जांच करने पर पता चला कि अलमारी से करीब दो लाख रुपये नकद, एक सोने की चेन, पांच सोने की अंगूठी, तीन जोड़ी पाजेब, चार चांदी के चिक, बच्चे की चांदी की करधनी व कड़े समेत तमाम आभूषण गायब हैं। चोर डबल बेड पर कपड़े फैला गए थे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मकान की छत के दरवाजे का ताला टूटा मिला। दरवाजा भी खुला था। आशंका है कि चोर छत के रास्ते ही घर में दाखिल हुए।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को दी तहरीर में पीड़ित ने चोरी गया माल बरामद कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक संजय तोमर को सौंपी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस