10:08 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

गश्त के दौरान बड़ा हादसा: अनियंत्रित पिकअप ने चीता L को मारी टक्कर, सिपाही गंभीर हालत में बरेली रेफर

बदायूं

गश्त के दौरान बड़ा हादसा: अनियंत्रित पिकअप ने चीता L को मारी टक्कर, सिपाही गंभीर हालत में बरेली रेफर

केशव गुप्ता

कादरचौक (बदायूं)। थाना कादरचौक क्षेत्र में रविवार को गश्त के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कादरगंज रोड स्थित ब्लॉक कादरचौक के पास चीता बाइक पर पेट्रोलिंग कर रहे एक पुलिस सिपाही और होमगार्ड को तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि चीता बाइक पर सवार सिपाही सचिन पोसवाल पिकअप वाहन के नीचे फंस गए, जबकि होमगार्ड राजवीर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना कादरचौक पुलिस में हड़कंप मच गया।
सूचना पर थानाध्यक्ष विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत और रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन के नीचे फंसे सिपाही सचिन पोसवाल को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सिपाही सचिन पोसवाल की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं घायल होमगार्ड राजवीर का उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश वाहन नंबर के आधार पर की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस