बदांयू में नीट आज, 3027 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; सभी केंद्रों पर पहुंचना शुरू, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा।
सीसीटीवी की निगरानी में होगी परीक्षा, एडमिट कार्ड पर आधा किराया; रोडवेज ने लगाईं 10 अतिरिक्त बसें।
बदांयू 21 जून।
मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए जिले में आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। परीक्षा में कुल 3027 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुबह से ही सभी छह परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया है। नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा का अभेद्य घेरा बनाया है।
शहर के सभी केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से ही अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू हो गई। गेट पर ही सघन जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर या अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूरी तरह रोक है। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के जरिये परीक्षार्थी की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ-साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो सके।
ये स्कूल बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र – राजकीय कन्या इंटर कॉलेज।
इस्लामियां इंटर कॉलेज ।
एनएमएनएन दास डिग्री कॉलेज ।
श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज ।
केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज ।
केंद्रीय विद्यालय शेखूपुर।




नीट के लिए रोडवेज ने लगाईं 10 अतिरिक्त बसें
नीट को लेकर परिवहन निगम ने भी पूरी तैयारी कर ली है। अभ्यर्थियों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए डिपो में 10 अतिरिक्त बसें रिजर्व में रखी गई हैं। ये बसें परीक्षार्थियों की संख्या के हिसाब से चलाई जाएंगी।
एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि डिपो परिसर में हेल्पडेस्क भी बनाई गई है। वहां तैनात कर्मचारी अभ्यर्थियों को बसों की जानकारी देंगे। ड्राइवर-कंडक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा वाले दिन अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दें। एडमिट कार्ड दिखाने पर अभ्यर्थियों से आधा किराया लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है।
फिलहाल सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा चल रही है। अभिभावक केंद्रों के बाहर अपने बच्चों के निकलने का इंतजार कर रहे हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com