बदायूं के 5 स्कूल समेत 465 वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता रद्द।
उझानी-बदायूं, 19 जून।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने मानक पूरे न करने पर प्रदेश के 465 स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों की मान्यता समाप्त कर दी है। बदायूं जिले से 5 स्कूलों की मान्यता रद्द हुई है।
बदायूं के 5 स्कूल शामिल
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि ये सभी विद्यालय “उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित विद्यालय (मान्यता प्रदान करने तथा विनियमावली)” के प्रावधानों के तहत मान्यता प्राप्त थे। जांच में पाया गया कि पिछले दो साल से इन विद्यालयों के छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो रहे थे। साथ ही पिछले दो शैक्षणिक सत्रों में इन स्कूलों में एक भी छात्र का नामांकन नहीं था।
बोर्ड ने पहले ऐसे विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर मान्यता रद्द करने का फैसला लिया गया। जिन विद्यालयों की मान्यता समाप्त की गई है, वे शैक्षिक सत्र 2026-27 से किसी भी कक्षा में नया प्रवेश नहीं ले सकेंगे।
बोर्ड सचिव ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को निर्देश दिया है कि मान्यता रद्द स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों को निकटवर्ती मान्यता प्राप्त विद्यालयों में समायोजित कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
DIOS बदायूं ने बताया कि जिले के पांचों स्कूलों के छात्रों को पास के स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी उझानी को भी निर्देश दे दिए गए हैं कि हरबिलास गोयल इंटर कॉलेज उझानी के छात्रों का भविष्य खराब न हो।
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। शून्य नामांकन वाले और फर्जी तरीके से चल रहे स्कूलों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
राजेश वार्ष्णेय, उझानी।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

