1:35 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी -दहेज में बाइक न मिलने पर ससुरालियों ने किया प्रताड़ित, नवविवाहिता ने की आत्महत्या

उझानी -दहेज में बाइक न मिलने पर ससुरालियों ने किया प्रताड़ित, नवविवाहिता ने की आत्महत्या।

उझानी बदायूं 18 जून।

दहेज के लालच ने एक और बेटी की जान ले ली। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव मानिकपुर की रहने वाली 22 वर्षीय स्वाति ने ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद मायके में कोहराम मचा है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी मेवाराम ने अपनी बेटी स्वाति की शादी 30 अप्रैल 2025 को बिल्सी क्षेत्र के गांव गुधनी खौसारा में की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बाइक की मांग को लेकर स्वाति को ताने देने लगे।

लगातार प्रताड़ना के चलते स्वाति दो महीने पहले मायके आ गई थी। पिता मेवाराम का कहना है कि इसके बाद उसका पति उसे लेने नहीं आया। फोन पर पति साफ कहता था कि जब तक बाइक नहीं मिलेगी, वह स्वाति को बुलाने नहीं आएगा। इस बात से स्वाति काफी परेशान रहने लगी थी।

ससुराल वालों की लगातार कहासुनी और पति के रवैये से आहत होकर स्वाति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

बेटी की मौत से मेवाराम के परिवार में चीख-पुकार मची है। गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस