6:59 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में PWD की लापरवाही से दिल्ली हाईवे बना ‘मौत का तालाब’, गड्ढे में समाई कार।

कई हादसों के बाद भी नहीं चेता विभाग, गंदे पानी में डूबी सड़क, रात में कई घंटे फंसा रहा परिवार

उझानी-बदांयू 18 जून।

बदायूं-दिल्ली हाईवे पर PWD की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कच्चा नाला चोक होने से हाईवे की एक लेन तालाब बन गई है। गंदे पानी से भरे गहरे गड्ढों में कल रात बदायूं निवासी अंबरीष कुमार की कार समा गई। ट्रैक्टर की मदद से घंटों बाद कार बाहर निकल पाई।

कुड़ानरसिंहपुर गांव के पास हाईवे की दक्षिणी लेन महीनों से जलमग्न है। सड़क पूरी तरह धंस चुकी है। हादसों के डर से मेंथा फैक्टरी के सामने मिट्टी डालकर लेन बंद कर दी गई है। दोनों ओर के वाहन अब एक ही लेन से गुजरने को मजबूर हैं।

ग्रामीण राकेश गोतम ने बताया कि इस गंदे पानी में पहले भी कई वाहन पलट चुके हैं, पर PWD के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। आंबेडकर चौराहे के पास बालाजीपुरम मोड़ पर भी नाला टूटने से बस्ती का रास्ता बंद है। पिछले हफ्ते लोगों ने प्रदर्शन भी किया, मगर विभाग सोया हुआ है। मोहल्ले के रामेश्वर चौधरी बोले: सुनवाई नहीं हो रही, रोज जान जोखिम में डालकर निकलते हैं।

सवाल यह है कि हाइवे पर रोज-रोज होने वाले हादसों पर कब तक PWD की नींद टूटेगी? क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार है ?।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.