12:28 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

राशन दुकान आवंटन में बहुमत की अनदेखी का आरोप, ग्रामीणों ने प्रधान-सचिव के खिलाफ खोला मोर्चा

बदायूं

राशन दुकान आवंटन में बहुमत की अनदेखी का आरोप, ग्रामीणों ने प्रधान-सचिव के खिलाफ खोला मोर्चा

केशव गुप्ता

सालारपुर (बदायूँ)। विकासखंड सालारपुर के ग्राम सादुल्लापुर बीतरा में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव पर बहुमत की अनदेखी कर पक्षपातपूर्ण तरीके से राशन दुकान आवंटित करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार राशन दुकान के चयन के लिए 26 मई को गांव में खुली बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की सूचना एक दिन पूर्व मुनादी कराकर ग्रामीणों को दी गई थी। बैठक में दो महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से दावेदारी पेश की गई, जिसमें आदर्श स्वयं सहायता समूह की ओर से सुनीता पत्नी प्रमोद कुमार तथा राम समूह की ओर से रामबती पत्नी विजेंद्र कुमार ने आवेदन किया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि बैठक के दौरान सुनीता के पक्ष में लगभग 400 ग्रामीणों ने समर्थन जताया, जबकि रामबती के समर्थन में करीब 140 लोग ही मौजूद थे। इसके बावजूद ग्राम प्रधान अशोक कुमार मौर्य और ग्राम सचिव कृपाल सिंह यादव ने बहुमत प्राप्त दावेदार की अनदेखी करते हुए दूसरी प्रत्याशी के पक्ष में आवंटन की संस्तुति कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इस निर्णय पर आपत्ति दर्ज करानी चाही तो उनकी बात नहीं सुनी गई और विरोध को नजरअंदाज कर दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और जनमत को दरकिनार कर मनमाना फैसला लिया गया।
मामले से नाराज ग्रामीण अब जिला प्रशासन के समक्ष पहुंच गए हैं। उन्होंने मांग की है कि पूरे प्रकरण की एसडीएम अथवा मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही वर्तमान निर्णय को निरस्त कर उच्चाधिकारियों की निगरानी में दोबारा पारदर्शी तरीके से चयन प्रक्रिया संपन्न कराई जाए।
गांव में इस मुद्दे को लेकर असंतोष का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस