उझानी: दिल्ली-मथुरा हाईवे पर केमिकल से भरा ट्रक पलटा, चालक घायल।
उझानी, बदायूं 7 जून ।
दिल्ली-मथुरा हाईवे पर शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्राम कुड़ा नरसिंहपुर स्थित मैंथा फैक्ट्री के सामने केमिकल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार हरदोई निवासी ट्रक चालक अंकित पुत्र ननके गाजियाबाद से केमिकल के ड्रम लादकर लखनऊ जा रहा था। रात करीब 3:30 बजे कोतवाली क्षेत्र के कुड़ा नरसिंहपुर पहुंचने पर सड़क पर जलभराव देखकर उसने ट्रक को बचाने का प्रयास किया। उझानी की ओर मोड़ते समय ट्रक डिवाइडर से टकरा गया और अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक अंकित को चोटें आईं।

राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर सड़क से हटाया गया, जिससे हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका। पुलिस ने घायल चालक का प्राथमिक उपचार कराया और बाद में उसे गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
गनीमत रही कि ट्रक में भरे केमिकल के ड्रम सुरक्षित रहे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने जलभराव की समस्या को लेकर संबंधित विभाग को सूचना दे दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

