6:59 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत, महिला की मौत : परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

बदायूं

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत, महिला की मौत से मचा हड़कंप: परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप

बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पित्त की थैली
(गॉलब्लैडर) के ऑपरेशन के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही और गलत उपचार का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
जानकारी के अनुसार हजरतपुर क्षेत्र की निवासी शोभा चौहान करीब 14 दिन पहले पित्त की थैली के ऑपरेशन के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थीं। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों द्वारा गलत तरीके से नली डाल दी गई, जिससे महिला के फेफड़ों में संक्रमण फैल गया और उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
परिजनों के मुताबिक स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन किया, लेकिन इसके बावजूद महिला को राहत नहीं मिली। बाद में जांच में फेफड़ा सिकुड़ने की बात सामने आई और सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। परिजनों के विरोध के बाद महिला को बरेली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि बुधवार दोपहर तक महिला की हालत सामान्य बताई जा रही थी, लेकिन अचानक उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन शव लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंच गए और मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर एसपी सिटी और सीओ सिटी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल महिला की मौत ने मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली और मरीजों के उपचार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.