बदायूं
सुंदरनगर लूटकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
बदायूं। थाना इस्लामनगर पुलिस ने सुंदरनगर गांव में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवर, नकदी, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुंदरनगर लूटकांड में शामिल आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में कंधरपुर के पास बंद पड़े ईंट भट्टे की ओर से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आस मोहम्मद और नदीम उर्फ शाकिर के पैर में गोली लगी, जबकि सद्दु को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। फायरिंग में हेड कांस्टेबल अमित कुमार भी घायल हो गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी पाजेब, दो ओम लॉकेट, एक अंगूठी, सात हजार रुपये नकद, एक टॉर्च, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 16/17 मई की रात उन्होंने सुंदरनगर गांव में एक घर में घुसकर महिला को धमकाकर जेवर और नकदी लूटी थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सद्दु पुत्र अच्छन, आस मोहम्मद पुत्र ताज मोहम्मद तथा नदीम उर्फ शाकिर पुत्र जाकिर हुसैन निवासी सिरौली, जनपद बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है।
केशव गुप्ता


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com