10 दिन में तीसरी बार महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, आम आदमी की जेब पर बढ़ा बोझ।
नई दिल्ली, 23 मई 2026।
तेल कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। शनिवार को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। यह पिछले 10 दिनों में तीसरी बढ़ोतरी है। 15 मई के बाद से अब तक पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं।
ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। सबसे ज्यादा मार कोलकाता में पड़ी, जहां पेट्रोल 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं। West Asia में तनाव और Strait of Hormuz में सप्लाई में रुकावट के चलते क्रूड ऑयल फरवरी के 69 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर पिछले महीने 114.4 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
कंपनियों के मुताबिक मार्केट रेट से कम पर तेल बेचने से उन्हें हर महीने करीब 30,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को ही 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, क्योंकि कंपनियां 1,000 करोड़ रुपये महीने का घाटा झेल रही थीं।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि कच्चे तेल के दाम अगर ऐसे ही ऊंचे रहे तो अगले 4 महीने तक पेट्रोल-डीजल के रेट कम होने की उम्मीद नहीं है। लगातार बढ़ रहे दामों से ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की चीजें महंगी होने की आशंका बढ़ गई है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

