6:41 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बरेली। श्री हरि मंदिर, मॉडल टाउन में भगवान श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया

बरेली। श्री हरि मंदिर, मॉडल टाउन, बरेली में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के अंतर्गत आज भगवान श्री कृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत धूमधाम, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी तथा पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।

कथा व्यास आचार्य अमन कृष्ण जी महाराज (वृन्दावन) ने भगवान श्री कृष्ण जन्म की दिव्य कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। जैसे ही भगवान श्री कृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे तथा महिलाओं ने मंगल गीत गाकर उत्सव को और भी भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्री कृष्ण को खिलौने, टॉफी, बिस्कुट एवं विभिन्न प्रकार के उपहार अर्पित किए गए। बाल गोपाल का आकर्षक श्रृंगार एवं झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

पूरे कथा परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था तथा भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक श्री हरि मंदिर, मॉडल टाउन, बरेली में आयोजित किया जा रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस