4:30 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी – कछला में गंगा स्नान के दौरान हादसा: कासगंज की किशोरी डूबी, मौत

उझानी -गंगा स्नान के दौरान हादसा: कासगंज की किशोरी डूबी, मौत।

गोताखोरों ने निकाला शव, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार।

उझानी (बदायूं), 15 मई 2026।

कछला गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह स्नान के दौरान कासगंज जिले की एक 14 वर्षीय किशोरी की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। घटना के बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए।

कासगंज जनपद के बहेड़िया गांव निवासी संजू सिंह अपने परिवार के साथ शुक्रवार सुबह कछला गंगा घाट पर स्नान के लिए आए थे। स्नान करते समय उनकी 14 वर्षीय पुत्री मुस्कान अचानक गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते डूब गई।

परिजनों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना पर कछला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। करीब 30 मिनट के रेस्क्यू के बाद किशोरी का शव बरामद हुआ, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

कछला चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बिलखते परिजन बेटी का शव लेकर पैतृक गांव बहेड़िया चले गए।

सावधानी बरतने की अपील।

गर्मी के चलते गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है। पुलिस-प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु चिह्नित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। बच्चों को अकेले गहरे पानी में न जाने दें और घाट पर लगे चेतावनी बोर्ड का पालन करें।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस