5:20 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

19 करोड़ से चमकेगा कछला घाट: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया शिलान्यास

19 करोड़ से चमकेगा कछला घाट: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया शिलान्यास, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां।

‘मिनी हरिद्वार बनेगा कछला, दुनिया देखेगी यूपी की आध्यात्मिक ताकत’- बीएल वर्मा केन्द्रीय राज्यमंत्री।

उझानी-बदांयू 14 मई।

गंगा मैया की गोद में बसे ऐतिहासिक कछला घाट की किस्मत अब बदलने जा रही है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 19 करोड़ रुपये के सौंदर्यीकरण कार्यों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। ढोल-नगाड़े, शंखनाद और ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों से पूरा घाट गूंज उठा।

‘कछला बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन हब’
भव्य स्वागत से गदगद मंत्री जयवीर सिंह ने मंच से दहाड़ते हुए कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी धार्मिक पर्यटन की राजधानी बन रहा है। 19 करोड़ से कछला घाट को मिनी हरिद्वार का रूप देंगे। यहां हाईमास्ट लाइट, आधुनिक चेंजिंग रूम, भव्य आरती स्थल, पार्क, पार्किंग, सेल्फी प्वाइंट और लेजर शो जैसी सुविधाएं होंगी। अब दुनिया कछला आएगी और बदायूं का नाम रोशन होगा।”

केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा , “गंगा हमारी संस्कृति की आत्मा है। पीएम मोदी के विजन को धरातल पर उतार रहे हैं। यह घाट सिर्फ पत्थरों से नहीं, श्रद्धा से संवरेगा।”

शिलान्यास से पहले स्थानीय कलाकारों ने गंगा महिमा पर आधारित लोकगीत, भजन और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। स्कूली बच्चों की ‘नमामि गंगे’ थीम पर नाट्य प्रस्तुति देख मंत्री समेत सभी अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए। कार्यक्रम के अंत में गंगा आरती ने पूरे माहौल को अलौकिक बना दिया।

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश चंद्र शाक्य, सदर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया”, पूर्व राज्य मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, सीडीओ गामिनी सिंगला और कछला नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश लोनिया ने मंत्री के साथ भूमि पूजन किया।

हजारों की संख्या में उमड़े स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गंगा मईया के जयकारे लगाए। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता बोले, “डबल इंजन सरकार में बदायूं में विकास की गंगा बह रही है। यह दिन इतिहास में दर्ज होगा।”

विज्ञापन एक्सप्रेस