9:01 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

गड्ढों में तब्दील उझानी-नरऊ मार्ग: सीएम के आदेश बेअसर, हर कदम पर हादसे का डर

गड्ढों में तब्दील उझानी-नरऊ मार्ग: सीएम के आदेश बेअसर, हर कदम पर हादसे का डर।

उझानी बदायूं 6 मई।

मुख्यमंत्री के गड्ढा मुक्त प्रदेश के दावे की पोल खोलती यह तस्वीर उझानी से नरऊ जाने वाले मुख्य मार्ग की है। सड़क नहीं, मानो कीचड़ और गड्ढों का दरिया बह रहा हो। हालत यह है कि ई-रिक्शा चालक जान जोखिम में डालकर गहरे पानी से लबालब गड्ढों को पार कर रहा है।

स्थानीय लोगों का दर्द है कि यह मार्ग महीनों से अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने तालाबनुमा गड्ढों में रोजाना बाइक और ई-रिक्शा सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बरसात के बाद तो हालात और नारकीय हो गए हैं। पूरी सड़क पर गिट्टी उखड़ चुकी है और कंकड़-पत्थर बिखरे पड़े हैं।

ग्रामीण बताते हैं कि पिछली बार मंडी समिति ने सड़क बनाई थी। उसके बाद से पूरा मार्ग भगवान भरोसे है।

स्कूली बच्चों, बीमार लोगों और राहगीरों का इस मार्ग से गुजरना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं।

आक्रोशित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बदायूं से इस जर्जर मार्ग का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक सड़क नहीं बनेगी, हादसे नहीं रुकेंगे।

मुकेश कुमार ई-रिक्शा चालक “सुबह से शाम तक डर के साए में गाड़ी चलाते हैं। सवारी भी अब बैठने से कतराती है। रोज 500 रुपये का नुकसान हो रहा है।”

कुसुम देवी, “बच्चों को स्कूल भेजते वक्त डर लगा रहता है। सीएम साहब का गड्ढा मुक्त आदेश यहां आकर दम तोड़ देता है।” ग्रामीणों ने कहा कई बार शिकायत के बाद भी पीडब्ल्यूडी और मंडी समिति के अधिकारी चुप्पी साधे हैं।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस