5:45 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं के भाजपा नेता कुलदीप शर्मा की सड़क हादसे में मौत

बदायूं के भाजपा नेता कुलदीप शर्मा की सड़क हादसे में मौत।

नोएडा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर।

बिसौली बदायूं 5 मई।

बदायूं जनपद के विकास खंड बिसौली क्षेत्र के ग्राम पलिया निवासी भाजपा नेता कुलदीप शर्मा की नोएडा में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना 4 मई की देर रात हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार लगभग 31 वर्षीय कुलदीप शर्मा सोमवार को निजी कार्य से नोएडा गए थे। देर रात करीब 11 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल के साथ सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुलदीप शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

कुलदीप शर्मा अपने पिता राजू शंखधार के इकलौते पुत्र थे। उनकी शादी लगभग 9 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। परिवार में उनके निधन से गहरा सदमा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

राजनीतिक जीवन में कुलदीप शर्मा भारतीय जनता पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्होंने करीब एक दशक तक पार्टी के लिए काम किया। उनके संगठनात्मक योगदान को देखते हुए पार्टी द्वारा उन्हें पहले मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्तमान में वह सहसवान क्षेत्र में सोशल मीडिया सह-संयोजक के पद पर कार्यरत थे।

जैसे ही उनके निधन की खबर गांव पलिया और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।

पोस्टमार्टम के बाद उनका शव शाम तक पैतृक गांव पलिया लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्रीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

विज्ञापन एक्सप्रेस